खूंटी में कांग्रेस की वोट चोर-गद्दी छोड़ पदयात्रा, राष्ट्रपति को ज्ञापन

खूंटी : खूंटी में आज कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। AICC के निर्देश पर खूंटी जिला कांग्रेस ने "वोट चोर-गद्दी छोड़" के नारे के साथ पदयात्रा निकाली और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

खूंटी जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा की अध्यक्षता में पदयात्रा एस.एस. स्कूल से शुरू होकर बाजार टांड होते हुए समाहरणालय तक गई।खूंटी तमाड़ रोड स्थित जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा पर कांग्रेसियों ने  माल्यार्पण किया। 

कांग्रेसियों के पदयात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तख्ती-बैनर लेकर चल रहे थे और "वोट चोर-गद्दी छोड़, मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दो" के नारे लगा रहे थे।

समाहरणालय पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने खूंटी उपायुक्त मो. जावेद हुसैन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है और SIR के नाम पर वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने  कहा कि  "चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है और लोकतंत्र की हत्या हो रही है। कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।"

कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि नईमुद्दीन खान ने कहा कि  केंद्र  सरकार वोट चोर कर सत्ता में  बैठी है. प्रदेश प्रतिनिधि ने चुनाव आयोग पर नागरिकों को मतदान के अधिकार से वंचित करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाषण के दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार तरीके से मुख्य चुनाव आयुक्त के  इस्तीफे की  मांग की. कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि संवैधानिक पद की गरिमा को व्यक्ति विशेष के स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

कांग्रेस के युवा जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा कि लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस दस माह से आपत्ति जता रही है इसके बावजूद केंद्र सरकार इस मसले पर गंभीर नहीं है।

बसंत सुरीन ने कहा कि जिस तरह चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रही है। SIR के माध्यम से गैर भाजपाई वोटरों का नाम काटने का कार्य किया जा रहा है।

इस मौके पर जिला प्रभारी चैतू उरांव, विधानसभा प्रभारी हिमांशु राय, बसंत सूरीन, सुनीता गोप, 
विलसन तोपनो, धर्मदास कंडीर, मरियम आईंद, अनमोल होरो, जुनैद अंसारी, देवजीत देवघरिया,  राहुल केसरी, प्रकाश मुंडा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.