विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन का निर्देश

खूंटी :  समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति (विकास) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य प्रायोजित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई और योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में समाज कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, JSLPS, पशुपालन, कृषि, आपूर्ति, सहकारिता, श्रम, नियोजन, सामाजिक सुरक्षा एवं खनन सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एमटीसी केंद्रों में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने को कहा। योग्य जरूरतमंद लाभुकों को आवास योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
JSLPS को प्लास्टिक यूनिट एवं गोबर गैस प्लांट के संचालन, जबकि विद्युत विभाग को अस्पताल, स्टेडियम एवं अन्य आवश्यक स्थलों पर ट्रांसफार्मर की जरूरत का स्थल निरीक्षण कर आकलन करने का निर्देश दिया गया। पशुपालन विभाग को पात्र लाभुकों को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना एवं लेयर बर्ड योजना का लाभ दिलाने को कहा गया।
कृषि विभाग को डिजिटल क्रॉप सर्वे पूरा कराने के लिए ग्राम सभा सहित अन्य माध्यमों से किसानों को जागरूक करने, सोयल हेल्थ कार्ड निर्माण तथा मुरहू कृषि पाठशाला के संचालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आपूर्ति विभाग को पीडीएस डीलरों के माध्यम से आभा कार्ड निर्माण कराने और सहकारिता विभाग को 100 एवं 500 एमटी क्षमता के गोदाम निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने को कहा गया।
श्रम विभाग को श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन तथा शिक्षा विभाग के समन्वय से विद्यालयों में स्किल डेवलपमेंट एवं वोकेशनल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों का भौतिक सत्यापन कराने तथा खनन विभाग को बालू हाट की नीलामी से संबंधित ग्राम सभा आयोजित कराने को कहा गया। टीबी मरीजों के लिए फूड बास्केट उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील भी की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच निरंतर संवाद जरूरी है। टीम भावना के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का आपसी सहयोग से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके और जिले के विकास को गति मिले।
बैठक में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अपर समाहर्ता, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.