रनिया प्रखंड के मनहातु में 05 विकास योजनाओं का शिलान्यास, शिक्षा और सड़क सुविधा को मिलेगा विस्तार : विधायक सुदीप गुड़िया

रनिया, खूंटी :  जिला योजना अनाबद्ध निधि के अंतर्गत तोरपा विधानसभा क्षेत्र के रनिया प्रखंड स्थित मनहातु गाँव में तोरपा विधायक श्री सुदीप गुड़िया जी ने 05 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास कर उन्हें जनता-जनार्दन को समर्पित किया। इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

शिलान्यास की गई योजनाओं में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, डाहु जराटोली में अतिरिक्त 02 क्लास रूम, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, रंगरोड़ी में अतिरिक्त 02 क्लास रूम, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मनाहातु में अतिरिक्त 02 क्लास रूम तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय, खटंगा चुरदा में अतिरिक्त 02 क्लास रूम का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा डाहु पंचायत के ग्राम लोवा चंदुका टोली में सबन कण्डुलना के घर से सोहराई कण्डुलना के घर तक पीसीसी पथ का निर्माण कार्य भी शामिल है। इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने के साथ ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा में भी सहूलियत होगी।

इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया जी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना और गाँवों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों और स्थानीय समस्याओं के आधार पर विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

विधायक ने कहा कि तोरपा विधानसभा के प्रत्येक गाँव तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुँचाना और जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य बिरेन कंडुलना, प्रमुख नेली डहँगा, सांसद प्रतिनिधि नाइमुद्दीन अंसारी, विभागीय विधायक प्रतिनिधि देवनाथ माघईया, मुखिया सह कांग्रेस अध्यक्ष जोन कंडुलना, झामुमो अध्यक्ष गब्रिएल तोपनो, सचिव फिलिप डहँगा, कांग्रेस तोरपा अध्यक्ष अजय गुप्ता, पीयूष गुड़िया सहित झामुमो पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं मनहातु गाँव के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.