महिला अधिकार एवं सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
खूँटी : माननीय झालसा, रांची के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के अध्यक्ष-सह-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में तोरपा ब्लॉक परिसर में महिला अधिकार एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान, समानता और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, महिला तस्करी, कन्या भ्रूण हत्या, महिलाओं के प्रति भेदभाव एवं नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के पैनल अधिवक्ता एवं मीडिएटर जुनूल होरो ने महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को सम्मान एवं समानता के साथ जीवन जीने का अधिकार है। साथ ही जरूरतमंद लोगों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों पर भी प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों को संकट की स्थिति में महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा निःशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, जेएसएलपीएस की महिला सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों से महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता एवं सुरक्षा का वातावरण बनाने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.