बिरसा कॉलेज में दो दिवसीय युवा महोत्सव ‘वर्चस्व’ का आगाज़ फाइन आर्ट और लिटरेरी इवेंट में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
खूँटी : बिरसा कॉलेज, खूँटी में मंगलवार को दो दिवसीय युवा महोत्सव ‘वर्चस्व’ का उत्साहपूर्ण आगाज़ हुआ। राँची विश्वविद्यालय के अंतर्गत सभी कॉलेजों में युवा महोत्सव के आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में बिरसा कॉलेज में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के पहले दिन फाइन आर्ट एवं लिटरेरी इवेंट आयोजित किए गए। इनमें रंगोली, पेंटिंग, कोलाज, कार्टूनिंग, क्विज, वाद-विवाद तथा एलोक्यूशन जैसी प्रतियोगिताएँ शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं में कॉलेज के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता, ज्ञान एवं वक्तृत्व प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से पूछे गए रोचक और समसामयिक सवालों ने माहौल को खासा मनोरंजक बना दिया। “JLKM विधायक जयराम महतो किस विधानसभा के मतदाता हैं?”, “झारखंड की ST आरक्षित विधानसभा सीटों में किस एकमात्र सीट पर भाजपा की जीत हुई?” तथा “कॉकरोच जनता दल के अध्यक्ष कौन हैं?” जैसे सवालों ने प्रतिभागियों को खूब उलझाया और दर्शकों का भी मनोरंजन किया।
महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
युवा महोत्सव के सफल आयोजन में कॉलेज के शिक्षकों की भूमिका भी सराहनीय रही। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रभारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरिन ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें इसी तरह कॉलेज की हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकुमार गुप्ता, प्रो. अभिषेक कुमार, प्रो. प्रतीक, प्रो. निहाल, प्रो. किरण, प्रो. रेशमा सहित अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की जानकारी सांस्कृतिक समन्वयक प्रो. जया भारती कुजूर ने दी।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.