SIR को लेकर बनई पंचायत का विधायक सुदीप गुड़िया ने लिया जायजा, BDO से ली विस्तृत जानकारी
खूँटी : तोरपा विधायक श्री सुदीप गुड़िया ने बुधवार को रनिया प्रखंड अंतर्गत बनई पंचायत में SIR (Special Intensive Revision) कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंचायत क्षेत्र में चल रहे SIR संबंधी कार्यों की प्रगति एवं आमजनों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
विधायक गुड़िया ने रनिया प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री प्रशांत डांग से मुलाकात कर SIR प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण, दावे एवं आपत्तियों तथा पात्र मतदाताओं को प्रक्रिया के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों के संबंध में भी जानकारी ली।
विधायक ने कहा कि SIR जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है। कोई भी पात्र नागरिक आवश्यक प्रक्रिया एवं जानकारी के अभाव में अपने मताधिकार से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को SIR से संबंधित आवश्यक जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी समस्याओं और दावों का नियमानुसार समाधान किया जाए।
गुड़िया ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का मतदाता सूची में सही एवं सुनिश्चित पंजीकरण आवश्यक है। जनप्रतिनिधि के रूप में वे SIR प्रक्रिया से जुड़ी जनता की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाते रहेंगे और आम लोगों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.