विद्यार्थियों से कथित पैसे मांगने और दुर्व्यवहार के वायरल वीडियो पर ABVP ने सौंपा ज्ञापन

खूँटी : बिरसा कॉलेज, खूंटी में एक कर्मचारी से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्  ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। वायरल वीडियो में संबंधित कर्मचारी द्वारा विद्यार्थियों से कार्य के बदले कथित रूप से पैसे मांगने, विद्यार्थियों से अभद्र तरीके से बातचीत करने तथा विद्यार्थियों को कतार में खड़ा रखने के दौरान मोबाइल पर रील देखने का दृश्य दिखाई दे रहा है। एबीवीपी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोष सिद्ध होने की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग की है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बिरसा कॉलेज की प्रभारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरीन से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि वायरल वीडियो की सत्यता एवं पूरे मामले की तत्काल जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मचारी को विद्यार्थियों से सीधे जुड़े कार्यों से अलग रखा जाए।

प्रकाश टुटी ने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और अपने भविष्य को बेहतर बनाने का स्थान है। विद्यार्थियों को किसी भी काम के लिए अनावश्यक रूप से परेशान करना, उनके साथ दुर्व्यवहार करना अथवा पैसे की मांग किए जाने की शिकायत सामने आना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में विद्यार्थियों से अनुचित रूप से पैसे मांगने अथवा दुर्व्यवहार के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित कर्मचारी की सेवा शर्तों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ABVP किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने के पक्ष में नहीं है, लेकिन विद्यार्थियों के सम्मान, पारदर्शिता और उनके अधिकारों से जुड़े मामलों में परिषद् चुप नहीं बैठेगी। कॉलेज में आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के साथ सम्मानजनक व्यवहार और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

ABVP प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद प्रभारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरीन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख अपनाया तथा पूरे विषय में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि मामले को संज्ञान में लेकर उचित स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

ABVP ने कॉलेज प्रशासन के इस सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि परिषद् पूरे मामले पर नजर बनाए रखेगी और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

इस अवसर पर ABVP के कार्यकर्ता राजदीप गुप्ता,दशाएं मुंडा, अनीश, सुखराम हेम्ब्रोम एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.