राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर 33 यूनिट रक्त संग्रह
खूंटी : खूंटी सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 209 कोबरा बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 94वीं बटालियन एवं फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुरक्षा बलों के पदाधिकारियों एवं जवानों ने स्वास्थ्य जांच कराते हुए बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर में कुल 33 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
209 कोबरा बटालियन के कमांडेंट सौरव भटनागर ने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। एक यूनिट रक्त जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि 209 कोबरा बटालियन द्वारा समय-समय पर इस तरह के रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी शिविर आयोजित करने की बात कही।
चिकित्सा पदाधिकारी बिनीता होरो ने जवानों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि वे स्वयं रक्तदान के प्रति जागरूक होंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे, ताकि रक्तदान को जनांदोलन का रूप दिया जा सके। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों को जीवनदान मिल सकता है।
94वीं सीआरपीएफ बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी पुष्कर भारद्वाज ने कहा कि आज इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से कई चीजों के विकल्प उपलब्ध हैं, लेकिन रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। स्वस्थ व्यक्ति ही रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद की मदद कर सकता है। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सिम्मी महेश ने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर के अंत में काउंसलर निशांत झा द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
शिविर को सफल बनाने में उपकमांडेंट रवि शंकर, निरीक्षक अजीत कुमार ठाकुर तथा रक्त केंद्र के सुशांत कुमार, सुजीत नाग, सुषमा कुमारी और विकास नाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.