त्योहारों को लेकर बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
खूँटी : आगामी त्योहारों को देखते हुए बैंक एवं ग्राहकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, खूँटी की अध्यक्षता में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में बैंक शाखाओं एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी शाखा प्रबंधकों को सीसीटीवी कैमरों को हमेशा क्रियाशील रखने, पर्याप्त अवधि तक फुटेज सुरक्षित रखने तथा अलार्म, सायरन सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
त्योहारों के दौरान बैंकों में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही और नकद लेन-देन को देखते हुए बैंक परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा बैंक एवं एटीएम परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।पुलिस अधीक्षक ने बैंक प्रबंधकों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि, साइबर या वित्तीय धोखाधड़ी अथवा सुरक्षा संबंधी घटना की सूचना तत्काल संबंधित थाना या पुलिस को देने को कहा। उन्होंने बैंक प्रबंधन एवं स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान पर भी विशेष बल दिया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.