मरीजों को सस्ती दर पर मिलेगा अल्पाहार, पलाश दीदी कैफे का उद्घाटन
खूँटी : सदर अस्पताल, खूँटी के एमसीएच/ओटी बिल्डिंग में पलाश दीदी कैफे का विधिवत उद्घाटन किया गया। कैफे का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक एवं जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीषा सांगा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जेएसएलपीएस की प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विनिता तिर्की, संजय झा, कमल सुखी मंडल के सदस्य सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के दौरान कैफे की उपयोगिता एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई।
पलाश दीदी कैफे का मुख्य उद्देश्य अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को सस्ती दर पर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण अल्पाहार उपलब्ध कराना है। कैफे के शुरू होने से अस्पताल परिसर में ही उचित मूल्य पर नाश्ता एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने कहा कि इस पहल से मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी सुविधा मिलेगी। दूर-दराज से अस्पताल आने वाले लोगों को भोजन एवं अल्पाहार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्हें उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
पदाधिकारियों ने पलाश दीदी कैफे की पहल की सराहना करते हुए इसके सुचारू संचालन और गुणवत्तापूर्ण सेवा बनाए रखने पर जोर दिया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.