नेताजी चौक - महल थीम के भव्य पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा,16 लाख खर्च लक्ष्य
खूँटी : जनजातीय बहुल खूंटी में दुर्गा पूजा का उत्साह देखते ही बनता है। शहर की सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति नेताजी चौक अपनी अलग थीम और भव्य आयोजन के लिए वर्षों से पहचान रखती है। इस वर्ष भी समिति श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए महल थीम पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण करा रही है। पंडाल में महल की विभिन्न कलाकृतियों के साथ आकर्षक सजावट देखने को मिलेगी। पंडाल के बाहर बनाए जा रहे विशाल हाथियों की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पंडाल के मध्य में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। रात के समय रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक लाइटिंग से पंडाल का नजारा और भी मनमोहक होगा। बंगाल के मायापुर के त्रिनैनी डेकोरेटर्स के कुंतल हाजरा के नेतृत्व में करीब 20 कलाकार पिछले एक माह से पंडाल निर्माण में जुटे हैं। समिति के महामंत्री संजय मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष पूरे पूजा आयोजन में करीब 16 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि करीब 50 फीट ऊंचे और 100 फीट चौड़े पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल में लोहे और पीतल से तैयार कई आकर्षक कलाकृतियां भी देखने को मिलेंगी। वहीं, प्रतिमा निर्माण की जिम्मेदारी रांची के प्रसिद्ध मूर्तिकार अजय पाल को दी गई है। पूजा समिति द्वारा हर साल भव्य डांडिया नाईट का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष भी सप्तमी की शाम भव्य डांडिया कार्यक्रम आयोजित की गयी है।
1962 से हो रही पूजा, 1970 में बना था पहला पंडाल
सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति नेताजी चौक में वर्ष 1962 से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अनुसार, प्रारंभ के आठ वर्षों तक मंदिर में ही पूजा आयोजित होती थी। इसके बाद वर्ष 1970 में पहली बार पूजा पंडाल का निर्माण कर सार्वजनिक रूप से पूजा शुरू की गई। समय के साथ शहरवासियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से पूजा का आयोजन भव्य होता गया। समिति ने इसके बाद कई आकर्षक और बड़े पूजा पंडालों का निर्माण कराया। आज नेताजी चौक की पूजा खूंटी के प्रमुख पूजा आयोजनों में शामिल है।
150 सदस्य निभा रहे जिम्मेदारी
पूजा के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष रंजीत प्रसाद, महामंत्री संजय मिश्रा, संयोजक ज्योतिष भगत, नकुल भगत, जितेंद्र कश्यप, मनोज कुमार, अनूप साहू, गोपाल भगत, लव चौधरी, बालमुकुंद कश्यप, आनंद कुमार, कोषाध्यक्ष संजय साहू, बजरंग बाहेती, श्रीकांत चौधरी, कुमार सौरव, गुलिट मिश्रा, राजकुमार गुप्ता, नीरज चौरसिया और विक्की गुप्ता समेत करीब 150 सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.