जूनियर एशिया हॉकी कप की चैंपियन खिलाड़ियों के घर पहुंची डालसा टीम

खूंटी : माननीय झालसा, रांची के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), खूंटी रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन तथा डालसा सचिव कमलेश बेहरा के नेतृत्व में डालसा की टीम ने जूनियर एशिया हॉकी कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली बिनीता धान और रोशनी आइंद तथा कांस्य पदक विजेता नीलम टोपनो के परिवारों से मुलाकात की। डालसा की टीम ने खिलाड़ियों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से बातचीत की और परिवार की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की जानकारी ली। साथ ही यह भी जानकारी ली गई कि परिवारों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। बुनियादी समस्याओं की ली जानकारी टीम ने तोरपा प्रखंड के उयूर गांव निवासी रोशनी आइंद, सोंदारी गांव निवासी नीलम टोपनो तथा कर्रा प्रखंड के जरियागढ़ स्थित ब्राह्मण टोली निवासी बिनीता धान के परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने वृद्धावस्था पेंशन, जाति प्रमाण-पत्र, बिजली कनेक्शन, शौचालय निर्माण, आवास निर्माण, पेयजल सुविधा और पीसीसी सड़क जैसी समस्याओं से टीम को अवगत कराया।

डालसा की टीम ने आवश्यक आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित विभागों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग
डालसा की टीम ने परिवारों को आश्वस्त किया कि पात्र लाभुकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय किया जाएगा। टीम ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में पहल करना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी जागरूकता
डालसा की टीम ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से झारखंड एवं खूंटी जिले को गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में बाल अधिकार, महिला अधिकार, नि:शुल्क विधिक सेवाएं, न्याय तक पहुंच तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
डालसा द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याओं की जानकारी लेने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में पहल करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.