रानी दुर्गावती जयंती पर ABVP ने बिरसा कॉलेज में चलाया स्वच्छता अभियान

खूंटी - वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्, खूंटी इकाई द्वारा बिरसा कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और अपने शैक्षणिक परिसर के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। अभियान में विशेष रूप से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए विद्यार्थियों के साथ कॉलेज परिसर की साफ-सफाई की। इस अवसर पर प्रकाश टुटी ने कहा कि रानी दुर्गावती केवल वीरता और स्वाभिमान की प्रतीक ही नहीं, बल्कि समाज और मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा भी हैं। उनके जन्मदिवस पर कॉलेज परिसर की स्वच्छता का संकल्प लेना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। विद्यार्थी केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और अपने आसपास के वातावरण को बेहतर बनाने में भी अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण विद्यार्थियों के अध्ययन के साथ-साथ उनके संस्कार और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है। विद्यार्थी परिषद् आगे भी छात्रहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाएगी। अभियान में विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ता राजदीप गुप्ता, सुखराम हेम्ब्रोम, अनीश महतो सहित बड़ी संख्या में बिरसा कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक स्वच्छता अभियान में भाग लिया और कॉलेज परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी परिषद् ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ परिसर केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

रिपोर्टर - शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.