जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान को लेकर स्थायी लोक अदालत की कार्यशाला

खूंटी :  झालसा, रांची के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी द्वारा खूंटी प्रखंड में स्थायी लोक अदालत एवं जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विभागों तथा आमजनों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला का उद्देश्य जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली एवं भूमिका के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
इस दौरान स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष ने उपस्थित पदाधिकारियों को इसकी कार्यप्रणाली, सुलह-समझौते की प्रक्रिया एवं न्यायिक शक्तियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिजली एवं जलापूर्ति, परिवहन, डाक एवं टेलीफोन, सार्वजनिक स्वच्छता, अस्पताल एवं चिकित्सा सेवाएं, बीमा तथा अन्य सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों का समाधान स्थायी लोक अदालत के माध्यम से कराया जा सकता है।
कार्यशाला में जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आम लोगों को स्थायी लोक अदालत का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों से आवश्यक सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के सचिव कमलेश बेहरा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.