खूंटी में 29 प्रशिक्षणार्थियों को दिया गया सब्जी की खेती का प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

 खूँटी : बैंक ऑफ इंडिया, आरसेटी खूंटी में सिल्लदा एवं कालामाटी गांव के 29 प्रशिक्षणार्थियों के लिए आयोजित 12 दिवसीय सब्जी की खेती एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान लातेहार से आए प्रशिक्षक हरेंद्र कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को खेती-बागवानी से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने उन्नत खेती के तरीके, पौधारोपण, सब्जियों की रोपाई का सही तरीका एवं उचित समय, ड्रिप इरिगेशन और मधुमक्खी पालन के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा उन्नत बीज एवं खाद का उपयोग, कीटनाशकों के इस्तेमाल, कंपोस्ट खाद निर्माण तथा खेती पर मौसमी प्रभाव की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ संकाय सदस्य सुशील कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उन्हें व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दीं। बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी के वरिष्ठ संकाय सह फैसिलिटेटर सुशील कुमार ने बैंक की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद मुद्रा योजना के अंतर्गत शिशु, किशोर एवं तरुण श्रेणियों से जोड़कर बैंक ऋण उपलब्ध कराने में सहायता की जाएगी, ताकि प्रशिक्षणार्थी सफल उद्यमी बनकर जिले का नाम रोशन कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान निदेशक ने भी बैंकिंग सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही सफल उद्यमी बनने के गुण, बाजार प्रबंधन और व्यवसाय में आने वाली संभावित समस्याओं के बारे में बताया गया। सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान केसीसी योजना के अंतर्गत ऋण आवेदन भी भरवाया गया।
समापन समारोह में बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी खूंटी के निदेशक बसंत कुमार हजाम एवं वरिष्ठ संकाय सदस्य सुशील कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
निदेशक ने बताया कि अक्टूबर, नवंबर एवं दिसंबर महीने में महिला दर्जी, सूकर पालन और मोबाइल रिपेयरिंग से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी मोबाइल नंबर 9771971379 पर प्राप्त की जा सकती है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.