मुरहू में रक्तदान शिविर आयोजित, 5 यूनिट रक्त संग्रहित

खूंटी : खूंटी जिले के मुरहू स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में 10 अक्टूबर को सदर अस्पताल खूंटी के रक्त केंद्र और एकजुट संस्था के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन CHC के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आशुतोष तिग्गा और एकजुट की जिला कार्यक्रम समन्वयक सुभाषी लकड़ा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

शिविर में कुल 12 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। चिकित्सीय जांच के बाद 5 लोग रक्तदान के योग्य पाए गए, जिन्होंने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान कुल 5 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
मौके पर डॉ. आशुतोष तिग्गा ने कहा कि युवाओं को रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। रक्तदान एक महत्वपूर्ण मानवीय सेवा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने एकजुट संस्था के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समय-समय पर इस तरह के शिविर आयोजित करने की अपील की।
शिविर को सफल बनाने में रक्त केंद्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीता होरो, काउंसलर निशांत झा और सुजीत नाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, एकजुट की ओर से जिला समन्वयक नामेश्वर बाराईक, ब्लॉक समन्वयक महावीर बोदरा, रक्षा कुमारी तथा सशक्त (Sashakt) टीम के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.