गुल्लू ग्रामसभा की बैठक से प्रभावित हुए विधायक रामसूर्या मुंडा, बोले—हर गांव में हो ऐसी ग्रामसभा
खूँटी : विधायक रामसूर्या मुंडा गुल्लू ग्रामसभा के आमंत्रण पर आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामसभा में ग्रामीणों की एकजुटता, आपसी विचार-विमर्श और सहभागिता को देखकर विधायक प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि जिस तरह गुल्लू ग्रामसभा में ग्रामीण एकजुट होकर अपनी बात रखते हैं, उसी तरह प्रत्येक गांव में नियमित रूप से ग्रामसभा की बैठक आयोजित होनी चाहिए।
विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि ग्रामसभा ग्रामीण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याओं, जरूरतों और गांव के विकास से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से चर्चा कर सकते हैं। गांव के विकास की दिशा तय करने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने गुल्लू ग्रामसभा की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी बैठकें केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, रोजगार और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होनी चाहिए। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने और विकास कार्यों में भागीदारी निभाने का अवसर मिलेगा।
विधायक ने कहा कि गुल्लू ग्रामसभा में देखी गई इस पहल को अन्य गांवों में भी अपनाने की जरूरत है। उन्होंने ऐसी व्यवस्था को सरकार के समक्ष रखने की बात कही, ताकि गांवों में नियमित बैठक और जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने जोर दिया कि ग्रामीण अपने क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं, इसलिए विकास योजनाओं में उनकी राय को महत्व दिया जाना चाहिए।
ये लोग रहे उपस्थित
बैठक में ग्राम प्रधान पीनियस हमसोय, पूर्व मुखिया टेलिस्पोर टोपनो, याकूब पूर्ति (बिरडीह), मुकुट हमसोय, जुनास हमसोय, डेविड हमसोय, गुल्लू ग्रामसभा के उपाध्यक्ष मानसिद हमसोय, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सनिका बोदरा, प्रखंड अध्यक्ष सालन ओड़ेया, प्रखंड सचिव कुंवारसिंह मुंडरी, विधायक प्रतिनिधि डिक्सन पूर्ति, नोथरोथ पूर्ति तथा इंदीपीड़ी पंचायत के मुखिया सुखराम सरूकद सहित विभिन्न गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.