एसआईआर-2026 को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क का आयोजन

खूंटी : खूंटी जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर-2026 को लेकर 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक-सह-मेगा हेल्पडेस्क का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं को मतदाता सूची से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।

खूंटी जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मेगा हेल्पडेस्क में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम एवं विवरण में संशोधन करने और नाम हटाने से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-8 और फॉर्म-7 के उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही, एसआईआर के तहत जारी नोटिस, सुनवाई, दावा-आपत्ति और मतदाता सूची से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं को लेकर नागरिकों की शंकाओं का समाधान किया गया।
इस दौरान सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और बीएलओ सहित संबंधित कर्मियों ने मतदान केंद्रों पर हेल्पडेस्क का संचालन किया। निर्वाचन कार्य में बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पात्र नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें। यदि नाम जोड़ने या विवरण में संशोधन की आवश्यकता हो, तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.