आजादी के बाद पहली बार गोहारोम बड़का टोली पहुँचे तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया
खूँटी : आज रनिया प्रखंड अंतर्गत गोहारोम ग्रामसभा के आमंत्रण पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया सुदूरवर्ती गोहारोम बड़का टोली गाँव पहुँचे। आजादी के बाद पहली बार किसी निर्वाचित विधायक के गाँव पहुँचने पर ग्रामीणों में अपार उत्साह और खुशी देखने को मिली। विधायक को अपने बीच पाकर ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। गाँव में आत्मीयता और अपनत्व का माहौल रहा।
इस दौरान ग्रामीणों ने बारी-बारी से अपनी समस्याओं, जरूरतों एवं क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनहित की मांगों को विधायक जी के समक्ष रखा। विधायक सुदीप गुड़िया ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक जी ने कहा कि “मैं आप सभी का सेवक हूँ। आप लोगों के लिए मेरे दरवाजे हमेशा खुले हैं। आपके सुख-दुःख में मैं सदैव आपके साथ खड़ा हूँ। विकास की मुख्यधारा से वंचित किसी भी गाँव और परिवार को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता के प्रति समर्पण और विश्वास का विषय है।
विधायक ने बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। बच्चों की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने ग्रामीणों से नशापान जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा परिवार, समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य को नुकसान पहुँचाता है। एक सशक्त और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने कहा कि कृषि, शिक्षा, खेलकूद और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार ग्रामीणों के हितों और राज्य के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। हमारा संकल्प है कि सुदूरवर्ती गाँवों तक विकास की रोशनी पहुँचे और प्रत्येक ग्रामीण को सम्मान, अवसर एवं बेहतर जीवन की सुविधाएँ मिलें।
इस अवसर पर रनिया प्रखंड अध्यक्ष गाब्रियल तोपनो, विधायक के विभागीय प्रतिनिधि सुरेश कोंगाड़ी, देवनाथ मगहिया, दाहू मुखिया रेमिस कंडुलना, पुजार कोंगाड़ी, जोनशन आइंद सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.