दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व-2026 को लेकर नगर भवन, खूंटी में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

खूँटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, पूजा पंडालों को प्लास्टिक मुक्त रखने, सीसीटीवी एवं अग्निशमन यंत्र लगाने के निर्देश उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने जिलावासियों को नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर भवन, खूंटी के सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शांति समिति के सदस्यों, पूजा समितियों के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर चर्चा की। बैठक में विभिन्न पूजा समितियों द्वारा कई सुझाव, समस्याएं एवं मांगें रखी गईं, जिन पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता का पर्व है। सभी पूजा समितियां एवं नागरिक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।

उन्होंने माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे एवं अग्निशमन यंत्र लगाने, पंडालों को प्लास्टिक मुक्त रखने तथा पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर की प्रतिनियुक्ति करने को कहा। उन्होंने विसर्जन जुलूस में डीजे के स्थान पर पारंपरिक ढोल-नगाड़ों एवं ताशा आदि का प्रयोग करने की अपील की।

उपायुक्त ने नगर पंचायत को पर्व के दौरान पेयजल की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई सुनिश्चित करने, स्ट्रीट लाइट को क्रियाशील रखने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता के अनुरूप पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। 

वहीं, विद्युत विभाग को विद्युत तारों की मरम्मती कराते हुए सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रखंड स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करें। साथ ही, बैठक में दिए गए निर्देशों की जानकारी संबंधित पूजा समितियों को देते हुए उनका अनुपालन सुनिश्चित कराएं।

उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से तैयार भ्रामक सामग्री एवं अपुष्ट जानकारी को बिना सत्यापन साझा न करें। त्योहारों के दौरान जिला प्रशासन सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखेगा तथा भ्रम फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजनों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सौहार्द कायम रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर जोर दिया। उन्होंने पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने तथा पर्व के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सभी पूजा समितियां निर्धारित नियमों का पालन करें तथा किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता हेतु टॉल फ्री नंबर 112 पर सम्पर्क करें, या जिला स्तर पर पदाधिकारियों या कंट्रोल रूम के नंबरों पर सम्पर्क करें।

बैठक में दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दौरान जुलूस मार्ग, ट्रैफिक प्रबंधन, नो-एंट्री, बैरिकेडिंग एवं पार्किंग की व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुचारू यातायात एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अंत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से समस्त जिलावासियों को नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने तथा जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.