फादर पर हमले से महिलाओं में आक्रोश, सड़क पर उतरकर लगाए न्याय के नारे
खूंटी : संत माइकल स्कूल के प्रिंसिपल फादर पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में आज खूंटी में महिलाओं का भी गुस्सा फूट पड़ा। पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी सड़क जाम में शामिल हुईं और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की।
धूप में छाता लगाए खड़ी एक महिला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम लोग लंबे समय से यहां शांतिपूर्वक रह रहे हैं, लेकिन इस तरह शिक्षा देने वाले फादर पर हमला बर्दाश्त नहीं होगा। फादर ने हमारे बच्चों को पढ़ाया है, उनका सम्मान पूरे समाज में है।
महिलाओं ने कहा कि प्रशासन अगर जल्द से जल्द हमलावरों को गिरफ्तार नहीं करता है तो यह आंदोलन और तेज होगा। हम अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
गौरतलब है कि मुरहू के संत माइकल स्कूल के प्रिंसिपल पर अज्ञात लोगों ने गोली और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था, जिसके बाद से वे सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। इसी घटना के विरोध में आज खूंटी में आदिवासी-मूलवासी संगठनों ने चक्का जाम किया है।
फादर पर हमला बहुत दुखद, जल्द हो गिरफ्तारी - वार्ड पार्षद मोहम्मद खालिद
संत माइकल स्कूल के फादर पर हुए जानलेवा हमले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। चक्का जाम में शामिल लोगों ने इसे समाज के लिए गलत संदेश बताया।
मीडिया से बात करते हुए वार्ड नंबर 10 के पार्षद मोहम्मद खालिद ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। फादर हमारे शिक्षा और धर्मगुरु रह चुके हैं। उनका सभी समाज के प्रति बहुत अच्छा व्यवहार रहा है।
उन्होंने कहा कि अचानक से ऐसी दुखद घटना आती है तो समाज के लिए अच्छा संदेश नहीं है। आज फादर के ऊपर हमला हो रहा है, कल किसी और के साथ भी इस तरह की घटना हो सकती है। पार्षद ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.