फादर पर हमले का 36 घंटे में खुलासा, पुलिस ने 3 नाबालिग को किया निरुद्ध, एक फरार, 85747 रूपए कैश बरामद।
खूंटी : के आरसी स्कूल के फादर बेनेडिक्ट बारला पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में 3 नाबालिग को निरुद्ध किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। खूंटी पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया - "सुबह लगभग पौने नौ बजे सूचना मिली थी कि आरसी स्कूल के फादर पर किसी व्यक्ति के द्वारा जानलेवा हमला किया गया है। हम लोगों ने तुरंत उन्हें सदर अस्पताल और फिर पल्स हॉस्पिटल रेफर किया। घटनास्थल का निरीक्षण कर एक SIT का गठन किया गया था, जिसने लगभग 36 घंटों के भीतर इस पूरे कांड का उद्भेदन किया।" पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 85 हजार रुपये कैश, 2 मोबाइल फोन, कुदाल जैसा हथियार, घटना के समय पहने कपड़े और चोरी के पैसों से खरीदा गया एक MIVI होम थियेटर बरामद किया है।
खूंटी पुलिस के अनुसार चारों आरोपी नाबालिग हैं और सभी इस स्कूल के पुराने छात्र रह चुके हैं और किसी न किसी रूप में स्कूल से जुड़े हुए थे। घटना 20 अक्टूबर को रात के नौ बजे कारित की गई थी।
हमले का कारण - पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पहले भी उन्होंने फादर के कमरे से थोड़े पैसे चुराए थे, लेकिन बात सामने नहीं आई थी। इस बार दुर्गा पूजा मेले में घूमने के लिए ज्यादा पैसों की जरूरत थी, इसलिए चोरी की योजना बनाई।
"ये लोग कब्रिस्तान की तरफ से पीछे से स्कूल के अंदर दाखिल हुए थे। जब ये चोरी कर रहे थे, तभी अचानक फादर वहां पहुंच गए। हाथापाई हुई और उसी क्रम में इन लोगों ने फादर पर जानलेवा हमला कर दिया।"
पुलिस ने कहा कि फरार चौथे आरोपी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे भी न्यायिक अभिरक्षा में सुधार गृह भेजा जाएगा।
काण्ड के त्वरित उद्भेदन एवं अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक, खूंटी द्वारा श्री मंगल सिंह जामुदा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में एक SIT टीम का गठन किया गया। उद्भेदन टीम में एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, पुअनि अशोक कुमार सिंह, खूंटी थाना प्रभारी, पुअनि बाबूवंशी साव, मुरहू थाना प्रभारी नायल गॉडविन केरकेट्टा, सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पाण्डेय, मरांगहादा थाना प्रभारी जुगेश सिंह, पुअनि आदित्य कुमार, पुअनि रोशन खाखा, पुअनि अमरजीत सिंकू, पुअनि अमरेंद्र मंडल, पुअनि कुंदन कुमार, पुअनि रानियां थाना कुलदीप रोशन, रोशन बाडी, तकनीकी शाखा एवं खूंटी मुरहू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
बरामद सामानों की विवरणी
1. चोरी किया हुआ मोबाईल फोन - 02
2. निरुद्ध बालक का मोबाईल फोन - 01
3. चोरी किया हुआ कुल - 85,747 रुपये
4. ऑरेंज रंग का गमछा, मफलर और लुंगी - 03
5. काला रंग बेट के कुदाल चाकू - 01
6. लाल बेट का पेचकस - 01
7. लाल व काला रंग का स्क्रू ड्राइवर- 01
8. MIVI (Nex 800) Company का होम थियेटर - 01
9. ब्लू ग्रे रंग का चेकदार शर्ट - 01, हल्का पीला रंग का टीशर्ट - 01 और काला हरा रंग का हुडी जैकेट - 01
10. काला रंग का एडिडास चप्पल - 01 जोड़ा और ब्लू और कला रंग का काक्स चप्पल - 02 जोड़ा
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.