पिता पर बेटे की हत्या का आरोप, घटना के 36 घंटे के भीतर पुलिस ने किया गिरफ्तार
खूँटी : पिता के लिए बेटे की मौत जिंदगी का सबसे बड़ा दुख होती है, लेकिन खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के बरांगों गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। यहां 25 वर्षीय बेटे सांदिर मुंडा उर्फ बोथा की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके 57 वर्षीय पिता मुंडला मुंडा को गिरफ्तार किया है। बुधवार को तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना के करीब 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 25 अक्टूबर को सांदिर मुंडा अपने पिता के साथ गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर मुंडला मुंडा ने पास में रखी दौली से बेटे के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल सांदिर घर से निकलकर पंडरा परसा टोली के पास जंगल में गिर पड़ा, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। 26 अक्टूबर की सुबह जंगल में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव के चेहरे, दाहिने कान के नीचे और सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान मिले। सिर पर धारदार हथियार से वार का गहरा घाव भी पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को हत्या में पिता की कथित संलिप्तता का पता चला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी दल में इंस्पेक्टर परशुराम पासवान, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार तथा पुलिस अवर निरीक्षक अरविन्द कुमार, बीरबल करमाली और जितेंद्र राम सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.