खूंटी के बीरबांकी में लगा ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ शिविर, ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा

खूंटी :  उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अड़की प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बीरबांकी में ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों को चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई। इस दौरान दंत चिकित्सा, नेत्र चिकित्सा सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई। इसके अलावा टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) और सिकल सेल से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। जरूरतमंदों के बीच आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।
शिविर में ग्रामीणों के लिए आभा कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस संबंध में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने कहा कि ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े। जिला प्रशासन की ओर से नियमित रूप से इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आमजनों को सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.