किसानों की आमदनी बढ़ाने पर जोर, मत्स्य, पशुपालन एवं गव्य विकास योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा
खूंटी : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने मत्स्य, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों की आमदनी बढ़ाने को जिला प्रशासन की प्राथमिकता बताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मत्स्य उत्पादन, तालाब बंदोबस्ती, राजस्व संग्रहण, प्रशिक्षण, लाभुकों के चयन, स्पॉन एवं किट वितरण, बीमा तथा गोष्ठियों के आयोजन की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, पशुपालन विभाग की समीक्षा में लेयर फार्मिंग, भेड़ पालन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नई एवं बेहतर योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पशुपालन के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाए।
गव्य विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बल्क मिल्क कूलर (बीएमसी) की स्थिति और दुग्ध उत्पादक पशुपालकों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालकों को संगठित कर दुग्ध उत्पादन एवं विपणन को बढ़ावा देने के लिए नए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों की आमदनी में वृद्धि करना है। इसके लिए कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए ऐसी योजनाओं को बढ़ावा देने की जरूरत है, जिनसे किसानों और पशुपालकों को स्थायी एवं अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.