विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर, डीसी ने दिए निर्देश

खूंटी :  समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, स्वास्थ्य जांच और शैक्षणिक प्रदर्शन समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार समय पर पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए। पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने के साथ मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण और उचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

बैठक में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करने तथा विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों का आधार अपडेट कराने और अपार कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश
उपायुक्त ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा क्षेत्र के अच्छे शिक्षकों के माध्यम से उनकी काउंसलिंग कराने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित करने और उनकी शैक्षणिक प्रगति की लगातार समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही शिक्षकों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने तथा विद्यालयों में अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने को कहा। विद्यार्थियों का नियमित रूप से स्कूल यूनिफॉर्म में विद्यालय आना भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सामग्री और नशीले पदार्थों की बिक्री पर नजर रखने का निर्देश
पिछले दिनों फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाओं के मद्देनजर उपायुक्त ने प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि विद्यालयों के आसपास खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री और नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं होने दें। ऐसी गतिविधियों की नियमित जांच करने और जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करने को कहा गया।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के साथ लगातार काउंसलिंग करने तथा नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को नशीले पदार्थों के संपर्क में आने से बचाने के लिए विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
खराब शैक्षणिक प्रदर्शन पर जताई चिंता
बैठक में विद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई। खराब प्रदर्शन करने वाले बीआरपी को अपने कार्यों में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी और शिक्षक आपसी समन्वय के साथ विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार लाएं। विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ), विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.