खूंटी में 24 केंद्रों पर होगी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा, करीब 11 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
खूँटी : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खूंटी जिले में 1 नवंबर 2026 को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। इसके लिए जिले में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 11 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है।
संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ करने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों की समुचित जांच करने और कदाचार पर प्रभावी रोक लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला कंट्रोल रूम और साइबर सेल को भी सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने स्पष्ट कहा कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी समस्या या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.