जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

खूंटी :  भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर 28 और 29 अक्टूबर को डीआरडीए सभागार, खूंटी में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार अपर समाहर्त्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर पंचायत खूंटी के कार्यपालक पदाधिकारी तथा विभिन्न चार्ज के सहायक चार्ज पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अपर समाहर्त्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी ने जनगणना कार्य को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनगणना कार्यों में सटीकता, सतर्कता और आपसी समन्वय बनाए रखने के साथ सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

जनगणना कार्य निदेशालय, रांची से आई प्रशिक्षक श्रीमती सेलेंग ज्योति बराड़उद एवं जिला समन्वयक प्रवीण कुमार सिन्हा ने प्रतिभागियों को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में सीएमएमएस पोर्टल के उपयोग, मानचित्रण प्रक्रिया, स्व-गणना तथा आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से बताया गया।
इससे पहले 26 और 27 अक्टूबर को जिले के सभी तकनीकी सहायकों (जनगणना) एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को भी प्रशिक्षण दिया गया था। जिला प्रशासन का उद्देश्य जनगणना कार्यों का सुचारू, सटीक और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक तकनीकी जानकारी और दक्षता प्रदान करना है।
कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी निर्मल सिंह बानरा सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर पंचायत खूंटी के चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी तथा जिला जनगणना कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.