नालसा सुरक्षित बचपन अभियान के तहत लक्ष्मी नारायण हाई स्कूल, मुरहू में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

खूँटी : माननीय झालसा, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी  रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के तत्वावधान में नालसा सुरक्षित बचपन अभियान (NALSA Surakshit Bachpan Abhiyan) अभियान के अंतर्गत लक्ष्मी नारायण हाई स्कूल, मुरहू में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान छात्र-छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012, बाल अधिकार, बाल शोषण एवं उत्पीड़न से बचाव तथा बच्चों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) अर्जुन साव ने बच्चों को संबोधित करते हुए उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC)  राजीव कमल ने बच्चों को कानूनी सहायता एवं विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही मुरहु थाना के एएसआई रंजीत तिग्गा एवं जॉन फॉल तोपनो के द्वारा साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी एवं उनके सुझाव पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के पीएलवी एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी द्वारा नालसा सुरक्षित बचपन अभियान के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.