जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध हूं : विधायक सुदीप गुड़िया

खूँटी : तोरपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदीप गुड़िया ने तपकारा स्थित अपने विधायक आवासीय कार्यालय सह जनसेवा केंद्र में बानो प्रखंड की सिम्हातु एवं बेड़ाइरगी पंचायत के ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं को विधायक के समक्ष रखा।

विधायक सुदीप गुड़िया ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर आवश्यक पहल करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के शीघ्र निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के बीच रहना, उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनका दायित्व है। विधायक आवासीय कार्यालय सह जनसेवा केंद्र का उद्देश्य भी क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक सहज और सुलभ मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर मुखिया लोरेंश बागे, मुखिया हेलेन कंडुलना, संदीप समद सहित अन्य गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.