शिक्षा, विज्ञान और रचनात्मकता के संगम से बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच : विधायक सुदीप गुड़िया
खूँटी : डोड़मा के लिटिल फ्लॉवर इंग्लिश मीडियम स्कूल में वार्षिक समारोह एवं साइंस, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी-2026 का आयोजन डोड़मा स्थित लिटिल फ्लॉवर इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह एवं साइंस, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी-2026 में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल, कलाकृतियों और विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा, कल्पनाशीलता और नवाचार की भावना की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने विद्यालय प्रबंधन समिति एवं शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता, संस्कार और नई सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम है। विद्यालय शिक्षा की ज्योति जलाकर समाज को ज्ञान और प्रकाश की राह दिखाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विकास करना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विज्ञान हमें सोचने और नई संभावनाओं को तलाशने की शक्ति देता है, जबकि कला एवं क्राफ्ट हमारी सोच को आकार देकर उसे वास्तविकता में बदलने का काम करते हैं।
स्मार्टफोन का उदाहरण देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि इसके निर्माण में विज्ञान, तकनीकी ज्ञान, डिजाइन और रचनात्मकता का समन्वय होता है। जब विज्ञान, कला और क्राफ्ट एक साथ मिलते हैं, तो नए आविष्कार और संभावनाएं जन्म लेती हैं।
विधायक ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप सभी देश और समाज के भावी कर्णधार हैं। पढ़ाई पूरी लगन और मेहनत से करें तथा जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। बुरी संगति से दूर रहें और अपने समय एवं ऊर्जा का सदुपयोग करें। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली कुंजी है।
अंत में विधायक ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना और बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.