राष्ट्रीय एकता दिवस पर खूंटी में आयोजित हुआ ‘रन फॉर यूनिटी मैराथन’, एकता और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

खूँटी : सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत शुक्रवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, खूंटी से ‘रन फॉर यूनिटी मैराथन’ का आयोजन किया गया। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इस दौरान 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग तथा 2.5 किलोमीटर महिला एवं बच्चों की दौड़ आयोजित की गई।

मैराथन में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जिलावासियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने भी दौड़ में शामिल होकर एकता, आपसी सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पुरुष वर्ग की 5 किलोमीटर दौड़ में अमन शमद ने प्रथम, मोहन होरो ने द्वितीय तथा तरुण कच्छप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, महिला वर्ग की 2.5 किलोमीटर दौड़ में संगीता मरांडी प्रथम, मरियम भेंगरा द्वितीय तथा पेरोनिका सोरेन तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को मंच पर आमंत्रित कर ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने जिलावासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। मैराथन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करना भी है।
उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ उसके परिवार को भी बुरी तरह प्रभावित करती है। सभी को नशामुक्ति का संकल्प अपने जीवन में उतारना चाहिए और अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन कर जनभागीदारी बढ़ाने की बात कही। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी मैराथन’ जैसे आयोजन समाज में एकता, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खूंटी जिले में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और यहां के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
कार्यक्रम के अंत में ‘से नो टू ड्रग्स’ अभियान के तहत उपस्थित पदाधिकारियों, प्रतिभागियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.