खूंटी बॉर्डर इलाके में नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटना, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों को किया गिरफ्तार, दो फरार

खूंटी :  खूंटी जिले के बॉर्डर इलाके में 3 नाबालिग लड़कियों के साथ हुई दुष्कर्म मामले में खूंटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपी फरार हैं।

गिरफ्तार तीन आरोपियों में 19 वर्षीय गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चूड़ू, 18 वर्षीय मनीष लोहरा और मनसा टूटी उर्फ टाना शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी मारंगहादा  थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव बाड़ेडीह निवासी हैं जबकि एक आरोपी खूंटी थाना क्षेत्र के टोडांकेल का निवासी है। 

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो बाइक,एक स्कूटी, तीन मोबाइल और अभियुक्तो के वस्त्र बरामद किए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खूँटी एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर महिला थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िताओं को मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए भेज दिया है। फरार दो अन्य आरोपियों (पिंगू और प्रभुसहाय) की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 

एसपी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी और बताया कि
 "कल अहले सुबह हम लोगों को एक सूचना प्राप्त हुई कि दो लड़कियाँ नाबालिग थी, जिनके साथ जंगल में ले जाकर उनके ही कुछ जान-पहचान के लड़कों ने गलत हरकत की है। उसी के क्रम में त्वरित अनुसंधान के लिए एक विशेष दल का गठन किया और लड़कियों के बताए गए निशानदेही के आधार पर जो लड़के इस कार्य में संलिप्त थे, उन लड़कों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया और जेल भेजा गया।"

 "इस पूरे घटना में इन लड़कियों के साथ एक और इनकी मित्र थी जो कुछ देर के लिए लापता हो गयी थी, उसको भी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बरामद किया है। और उन तीनों लड़कियों के बयान के आधार पर और जो अभियुक्त हम लोगों ने हिरासत में लिया है उनके बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया।"

 "इस कांड में दो और लड़के शामिल हैं जो अभी फरार चल रहे हैं, उनकी भी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। हालांकि जैसा कि अभियुक्तों के द्वारा और जो इसमें लड़कियाँ हैं उनके द्वारा बताया गया कि इन लोगों का रोल सहयोगी के रूप में था, ये लोग मुख्य अपराधकर्ता नहीं थे, परन्तु इनकी भी जो सहभागिता है उसके अनुरूप इनके ऊपर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

वहीं इसी मामले से जुड़ी एक अन्य नाबालिग को आरोपी गोपाल मुंडा उर्फ राहुल और मनसा टूटी द्वारा  गाड़ीगांव बाड़ीडीह में बंधक बनाकर अर्धनिर्मित फार्म हाउस में रखा गया था, जिसे पुलिस ने रेस्क्यू कर लिया है।

छपामारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक प्रभात कुमार बेक, खूँटी महिला थाना प्रभारी, निशा कुमारी, मिलन मिंज, मारगंहादा थाना प्रभारी जुगेश कुमार,खूँटी थाना के कुंदन कुमार, महिला थाना और मारगंहादा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.