उर्सुलाईन इंग्लिश मीडियम स्कूल, खूंटी में साइंस कम आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन

खूँटी : उर्सुलाईन इंग्लिश मीडियम स्कूल, खूंटी के विद्यालय परिसर में प्रधानाध्यापिका सिस्टर दिव्या किन्डो की अगुवाई में बच्चों द्वारा साइंस कम आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोयोला इंटर कॉलेज के फादर विमल मिंज उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि खूंटी सह अभिभावकों के प्रतिनिधि के रुप में विलसन तोपनो एवं आशा जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य एवं स्वागत प्रार्थना से हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इसके बाद अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाए गए विभिन्न साइंस मॉडल, आर्ट एवं क्राफ्ट की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं मेहनत की सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि फादर विमल मिंज ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं विशिष्ट अतिथि विलसन तोपनो ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूली शिक्षा जीवन भर याद रहती है, इसलिए शिक्षकों के प्रति हमेशा सम्मान का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों ने जो भी क्राफ्ट बनाए हैं, उसमें उनके शिक्षकों का भी बहुत महत्वपूर्ण योगदान है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापिका सिस्टर दिव्या किन्डो ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, आत्मविश्वास एवं सृजनात्मक क्षमता का विकास होता है।
        मौके पर विद्यालय की सचिव दिव्या गुलाब सनई, सिस्टर प्रीसिला, सिस्टर विद्या मंजू सोरेग, सिस्टर सलोमी,सर अनमोल तोपनो, पुनम विलूग , एवं सभी शिक्षक एवं सभी क्लास के बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित थे

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.