बिरसा मुंडा के सम्मान में भाजपा 13 नवंबर को उलिहातू से रांची तक निकालेगी पदयात्रा
खूँटी : भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 13 नवंबर को उलिहातू से रांची तक पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा की शुरुआत सुबह 10 बजे भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से होगी। इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पदयात्रा में शुरुआत में पांच से सात सौ कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके बाद रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोग जुड़ते जाएंगे।
पदयात्रा को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि देश की आजादी और समाज को शोषण मुक्त बनाने के लिए झारखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक जनजातीय महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया। भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, तेलंगा खड़िया और बुधू भगत जैसे वीर सपूतों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन कर देश और समाज को नई दिशा दी। लेकिन लंबे समय तक इन महापुरुषों को उनका अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया।
नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय महापुरुषों के सम्मान और उनके योगदान को देशभर में पहचान दिलाने का काम किया है। वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। वर्ष 2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उलिहातू पहुंचीं और वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर पहुंचकर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खूंटी की धरती से लगभग 9700 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं और परिसंपत्तियों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया था। इसी अवसर पर जनजातीय समुदाय के लिए जनमन योजना की शुरुआत भी की गई थी।
नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में अलग जनजातीय मंत्रालय का गठन किया गया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिलीं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि अपने लंबे शासनकाल में जनजातीय महापुरुषों को उचित सम्मान नहीं दिया गया और अब राजनीतिक लाभ के लिए संविधान, आरक्षण तथा समान नागरिक संहिता को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार संविधान और आरक्षण में कोई बदलाव नहीं कर रही है तथा जनजातीय समुदाय के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और जनजातीय समाज के जमीन से जुड़े अधिकारों की भावना के परिणामस्वरूप छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (सीएनटी एक्ट) और संताल परगना काश्तकारी अधिनियम (एसपीटी एक्ट) जैसे कानूनों का महत्व स्थापित हुआ। आज भी ये कानून झारखंड में जनजातीय जमीन और अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
नीलकंठ सिंह मुंडा ने बताया कि भाजपा देशभर में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में झारखंड में उलिहातू से खूंटी होते हुए रांची तक पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है। 13 नवंबर को सुबह 10 बजे उलिहातू से पदयात्रा शुरू होगी। इसके बाद सोयको में चाय-नाश्ते के लिए ठहराव होगा और फिर यात्रा खूंटी पहुंचेगी, जहां कार्यकर्ताओं का रात्रि विश्राम होगा।
14 नवंबर को सुबह साढ़े नौ बजे पदयात्रा खूंटी से कालामाटी होते हुए रांची की ओर रवाना होगी। काला माटी में रांची जिले के कार्यकर्ता पदयात्रा की अगवानी करेंगे। इसके बाद यात्रा रांची पहुंचेगी। 15 नवंबर को पदयात्रा कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल तक ले जाने की योजना है।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों के जुड़ने से पदयात्रा का काफिला लगातार बढ़ता जाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो और मीडिया प्रभारी रूपेश जायसवाल उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.