झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय खूंटी खेल महोत्सव-2026 का उपायुक्त ने किया शुभारंभ, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

खूँटी :  महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है: उपायुक्त झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आज बिरसा मुंडा हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम, खूंटी में जिला स्तरीय खूंटी खेल महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त मो० जावेद हुसैन, विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश एवं अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी राजेश चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वागत संबोधन दिया तथा खेल महोत्सव के उद्देश्यों एवं आयोजन की रूपरेखा की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के नेतृत्व एवं उनके निर्देशानुसार इस महोत्सव का आयोजन किया गया है, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के बच्चों ने आकर्षक नागपुरी गीत प्रस्तुत की। वहीं, स्थानीय कलाकारों द्वारा मुंडारी गीत एवं पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय लोककला एवं जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।

अपने संबोधन में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने कहा कि खूंटी खेल महोत्सव का उद्देश्य जिले की ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करना तथा युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि खूंटी जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि इन प्रतिभाओं को उचित अवसर, मार्गदर्शन एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। इस महोत्सव के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा खेल महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात उपायुक्त सहित उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा आसमान में गुब्बारे छोड़कर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

उल्लेखनीय है कि खूंटी खेल महोत्सव का आयोजन विद्यालय एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। दिनांक 12 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित इस जिला स्तरीय महोत्सव में कुल आठ खेल विधाओं- एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, शूटिंग, खो-खो, कबड्डी एवं बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं का आयोजन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम एवं बिरसा मुंडा हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम, खूंटी में किया जा रहा है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.