राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने अड़की के उलिहातू का किया स्थल निरीक्षण, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

खूँटी : बिरसा ओड़ा के जीर्णोद्धार, बम्बू कॉटेज निर्माण, लाइब्रेरी के व्यवस्थित संचालन एवं परिसर की साफ-सफाई व साज-सज्जा सहित विभिन्न कार्यों की हुई समीक्षा आगामी 15 नवंबर को राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ अड़की प्रखंड स्थित उलिहातू का दौरा कर विभिन्न तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने बिरसा ओड़ा जीर्णोद्धार कार्य, बम्बू कॉटेज निर्माण, लाइब्रेरी को व्यवस्थित करने तथा बिरसा ओड़ा एवं बिरसा कॉम्प्लेक्स में साज-सज्जा से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की एवं निर्धारित समय पर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं आसपास के क्षेत्रों को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित कार्य गुणवत्ता के साथ ससमय पूर्ण किए जाएं, ताकि महोत्सव के दौरान उलिहातू पहुंचने वाले अतिथियों एवं आमजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। महोत्सव के आयोजन को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। चयनित एजेंसी से कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी लेते हुए निर्धारित समय पर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रस्तावित स्टेज निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, साज-सज्जा एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने महोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं आवागमन की दृष्टि से हेलिपैड निर्माण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि महोत्सव से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हों, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने आवश्यक निर्देश दिए।

मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.