बिरसा जयंती समारोह की तिथि बदलने पर विरोध, भगत सिंह चौक पर पुतला दहन का प्रयास - पुलिस ने पुतला छीना
खूंटी : झारखंड स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर के मुख्य राजकीय समारोह को 28 नवंबर को आयोजित करने के सरकार के फैसले पर खूंटी में विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को भगत सिंह चौक पर सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला दहन करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया।
16 नवंबर 2026 को खूंटी के भगत सिंह चौक पर विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि जुटे। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के इस निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि यह झारखंड की ऐतिहासिक पहचान, आदिवासी अस्मिता और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान से जुड़ा विषय है।
विरोध के क्रम में जब संगठनों ने सरकार का पुतला दहन करने का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद पुलिस बल ने अनुमति नहीं दी और प्रदर्शनकारियों से पुतला छीन लिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश टुटी ने कहा कि सरकार झारखंड में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बना रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन पुलिस द्वारा पुतला छीनना अलोकतांत्रिक है।प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सरकार अपने फैसले पर पुनर्विचार करे और 15 नवंबर को ही मुख्य समारोह आयोजित करे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.