उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग, खूंटी के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक एएनसी (ANC) रजिस्ट्रेशन, संस्थागत प्रसव, वीएचएसएनडी (VHSND), राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, HIMS एवं UWIN रिपोर्टिंग, एमटीसी (MTC) केंद्रों का संचालन, आरबीएसके (RBSK), आईडीएसपी (IDSP), टीबी, मलेरिया सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में विशेष रूप से जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को जिले में संचालित होटल, रिजॉर्ट, छोटे-बड़े फूड स्टॉल एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में तैयार की जा रही खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच कर नियम संगत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सामग्री तैयार करने एवं परोसने के दौरान साफ-सफाई, ग्लव्स का इस्तेमाल, गुणवत्तापूर्ण तेल के उपयोग सहित अन्य निर्धारित मानकों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया।
ㅤ
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में शत-प्रतिशत एएनसी रजिस्ट्रेशन एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना उचित कारण मरीजों को रेफर नहीं करने तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में भी संस्थागत प्रसव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। इस दौरान कुछ पीएचसी केंद्रों में संस्थागत प्रसव की व्यवस्था एवं संचालन की सराहना करते हुए इसे जिले के सभी पीएचसी केंद्रों में व्यवस्थित रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
ㅤ
उपायुक्त ने HIMS एवं UWIN पोर्टल पर शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्रा, तोरपा, खूंटी एवं मुरहू में संचालित एमटीसी केंद्रों की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने, गंभीर कुपोषित बच्चों का समय पर पंजीकरण एवं पात्र बच्चों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक VHSND दिवस का प्रभावी आयोजन करने एवं इस दौरान एमटीसी केंद्रों की सेवाओं तथा उपलब्ध लाभों की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। एमएएम एवं एसएएम बच्चों के लिए जिला स्तर पर पोषाहार की उपलब्धता, वर्तमान व्यवस्थाओं एवं कवरेज बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
ㅤ
टीबी एवं मलेरिया की समीक्षा के दौरान उन्होंने संभावित मरीजों की सघन जांच, समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मलेरिया नियंत्रण के लिए आईआरएस (IRS) दवा का प्रभावी छिड़काव करने तथा इसके महत्व के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए।
ㅤ
बैठक में कुष्ठ रोग, अंधत्व निवारण कार्यक्रम एवं नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मोबाइल आई वैन एवं मोबाइल डेंटल वैन का निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ㅤ
रक्तदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने जिले में नियमित रूप से ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने एवं लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सरकारी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। साथ ही आमजनों से भी आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान किया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
ㅤ
उपायुक्त ने सभी एमओआईसी से कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन में किसी प्रकार की समस्या या बाधा होने पर उसे तत्काल साझा करें, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अस्पताल भवनों की मरम्मत, जीर्णोद्धार अथवा अन्य आधारभूत संरचना संबंधी आवश्यकताओं का आकलन कर यथाशीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके।
ㅤ
उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को अपने निर्धारित अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों एवं उपकरणों का समुचित उपयोग मरीजों के उपचार में सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
ㅤ
उपायुक्त ने अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक उप स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, मरीजों के लिए बेड की नियमित साफ-सफाई, पेयजल, स्वच्छ एवं क्रियाशील शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ सेवा भाव से कार्य करते हुए प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।
ㅤ
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक, सभी एमओआईसी, चिकित्सक, डीडीएम, डीपीसी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.