उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने सहकारिता एवं जेएसएलपीएस के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सहकारिता एवं जेएसएलपीएस के अंतर्गत क्रियान्वित योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने, विभिन्न उत्पादों के उत्पादन, खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान जरबेरा एवं मेरीगोल्ड फूलों की खेती, इमली उत्पादन, आलू एवं बादाम की खेती, वाटरमेलन उत्पादन तथा खूंटी कटहल प्रोसेसिंग यूनिट के बेहतर संचालन सहित अन्य कृषि उत्पादों के उत्पादन एवं प्रसंस्करण की संभावनाओं पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने डीपीएम, जेएसएलपीएस को निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूह की दीदियों को चिन्हित कर खूंटी कटहल प्रोसेसिंग यूनिट के संचालन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही कटहल समेत अन्य से विभिन्न नए उत्पाद तैयार कर उनकी गुणवत्ता एवं पैकेजिंग पर ध्यान देने तथा बाजार में बिक्री की समुचित व्यवस्था विकसित करने को कहा, ताकि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके और समूह की दीदियों की आमदनी में वृद्धि हो।
बैठक में आरसेटी में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्लास्टिक सेग्रिगेशन यूनिट एवं कोल्ड स्टोरेज के संचालन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को इनके नियमित एवं प्रभावी संचालन तथा निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिले के अस्पतालों में स्वयं सहायता समूह की दीदियों के माध्यम से कैंटीन संचालन तथा पलाश स्टोर शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने इन गतिविधियों को आजीविका के नए अवसरों के रूप में विकसित करने पर बल दिया, ताकि स्वयं सहायता समूह की दीदियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी
No Previous Comments found.