राष्ट्रीय लोक अदालत (12.12.2026) की तैयारी को लेकर बैंक पदाधिकारियों के साथ बैठक

खूँटी : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी  रसिकेश कुमार के निर्देश पर आज जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी द्वारा जिले के बैंक पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य दिनांक 12.12.2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंकों से संबंधित मामलों के अधिक से अधिक निष्पादन की तैयारी करना था।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एल.डी.एम.) श्री अजीत कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी के सचिव श्री कमलेश बेहरा, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष श्री कौशलेश कुमार सिंह तथा बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूको बैंक, झारखण्ड ग्रामीण बैंक, इंडियन बैंक, आई.डी.बी.आई. बैंक, इंडियन ओवरसीज़ बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक की खूँटी शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पिछली राष्ट्रीय लोक अदालत (12.09.2026) की समीक्षा की गई। सचिव ने बताया कि उस लोक अदालत में बैंकों से जुड़े कुल 338 प्री-लिटिगेशन (मुकदमा-पूर्व) मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादन किया गया था। इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में इससे भी अधिक मामलों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया।
इस क्रम में सभी बैंक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी-अपनी शाखाओं में लंबित ऋण-बकाया एवं अन्य विवादों से जुड़े अधिक से अधिक मामलों की पहचान करें और संबंधित पक्षकारों को समय रहते नोटिस भेजें, ताकि 12.12.2026 की राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकतम मामलों का सुलह के आधार पर निपटारा हो सके। बैंकों से यह भी अपेक्षा की गई कि लोक अदालत के दिन उनके अधिकृत प्रतिनिधि समझौते के लिए आवश्यक अधिकार के साथ उपस्थित रहें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी आम जनता से अपील करता है कि जिनके बैंक ऋण या बैंक से जुड़े विवाद लंबित हैं, वे इस राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ अवश्य उठाएँ। लोक अदालत में मामले आपसी सहमति से निपटाए जाते हैं, इसमें कोई न्यायालय शुल्क नहीं लगता और इसका निर्णय अंतिम होता है, जिसके विरुद्ध अपील नहीं होती। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूँटी के कार्यालय अथवा टोल-फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.