रोजगार मेले में चयनित युवाओं को विधायक ने सौंपे नियुक्ति पत्र
खूंटी : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में विधायक रामसूर्या मुंडा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, खूंटी में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में चयनित युवक-युवतियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया। रोजगार मेले का आयोजन श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा किया गया था। इसमें काफी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों को ऑन द स्पॉट नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में जनकल्याण, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समाज कल्याण विभाग द्वारा बाल विवाह मुक्त झारखंड, बेटी का सम्मान–भविष्य का निर्माण कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं, जेएसएलपीएस द्वारा स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसमें समूह की दीदियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
पशुपालन विभाग द्वारा विशेष पशु चिकित्सा शिविर एवं एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। वहीं, कल्याण विभाग द्वारा नगर भवन, खूंटी में पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें जिले के कलाकारों एवं विभिन्न समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके अतिरिक्त, गव्य विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों को अनुदान पर पशुधन उपलब्ध कराया गया।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छता को प्रोत्साहित करने, पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण तथा जिले की पारंपरिक आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.