नामकुम में होगा BAMCEF का चार दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन, 19 से 22 दिसंबर तक देशभर से जुटेंगे प्रतिनिधि
खूंटी - बामसेफ (BAMCEF) का राष्ट्रीय अधिवेशन इस बार झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम में आयोजित किया जाएगा। यह चार दिवसीय कार्यक्रम 19 दिसंबर से 22 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें पूरे भारत के सभी राज्यों से प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। संगठन की ओर से आयोजित बैठक के बाद जानकारी देते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि झारखंड में बामसेफ जैसा संगठन का अधिवेशन करना बहुत महत्वपूर्ण है। बामसेफ एसटी, एससी, ओबीसी और इनसे परिवर्तित अल्पसंख्यकों का संगठन है, जो मूल रूप से भारत के संविधान को लेकर काम करता है।
संविधान के मूल उद्देश्यों पर होगा चिंतन
पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन संविधान के मूल उद्देश्य - समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और न्याय के अधिकार को लेकर काम करता है। झारखंड एक आदिवासी राज्य है, जहां लगभग 13 जिले अनुसूचित क्षेत्र हैं और खनन संसाधनों से भरपूर होने के बावजूद यहां की जनता को उसका हक-अधिकार नहीं मिला है। इसी चिंतन को लेकर इस अधिवेशन में गंभीर चर्चा होगी।
दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में विशेष रूप से सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों, संवैधानिक प्रावधानों के क्रियान्वयन की स्थिति, जनगणना के मुद्दे, भागीदारी, प्रतिनिधित्व और आरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही समतामूलक व्यवस्था, खासकर आदिवासी समाज के समतामूलक विचारों पर भी विशेष मंथन किया जाएगा।
मूलवासी-बहुजन संगठनों से भागीदारी की अपील
आयोजकों ने झारखंड के सभी बामसेफ कार्यकर्ताओं, उसके ऑफशूट विंग के साथ-साथ मूलवासी-बहुजन विचारधारा के सभी संगठनों से इस अधिवेशन में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी, ओबीसी समुदाय के लोग, जो विभिन्न संगठनों में भी काम कर रहे हैं, वे सभी इसमें शामिल हों।
तैयारियां जोरों पर
तैयारियों को लेकर बताया गया कि अभी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। झारखंड के अधिकांश जिलों में संगठन काम कर रहा है। लोगों में संवैधानिक जागरूकता को लेकर गली-गली, मोहल्लों में बैठकें करवाई जा रही हैं। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक या धार्मिक-सांस्कृतिक दल के नुमाइंदे नहीं हैं, बल्कि सभी नागरिकों के समान अधिकारों को लेकर काम कर रहे हैं और लोगों से अधिवेशन में भागीदारी की अपील कर रहे हैं।
BAMCEF अधिवेशन में 5000 लोगों के जुटने की उम्मीद, भीड़ वाला कार्यक्रम नहीं, क्लासरूम जैसी होगी चर्चा
बामसेफ के राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर आयोजकों ने साफ किया है कि यह कोई भीड़ जुटाने वाला कार्यक्रम नहीं होगा। इसमें करीब साढ़े तीन से पांच हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। चार दिनों तक चलने वाला यह कार्यक्रम पूरी तरह आवासीय (Residential) होगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम रोज सुबह 10 बजे से शुरू होकर रात साढ़े सात, आठ और नौ बजे तक लगातार चलेगा। इसमें विषयों पर गंभीर चर्चा होगी, चाहे वो सामाजिक-ऐतिहासिक चर्चा हो, संवैधानिक चर्चा हो या किसी कानून के इम्प्लीमेंटेशन की बात हो, सब कुछ क्लासरूम जैसा होगा। उन्होंने कहा कि यह ऐसा कार्यक्रम नहीं है, जिसमें लाखों लोग आते हैं, जयकारा लगाकर चले जाते हैं। इसलिए इसमें लिमिटेशन रखा गया है। टारगेट है कि लगभग पांच हजार लोगों को इसमें पार्टिसिपेट कराया जाए।
सिर्फ पढ़े-लिखे नहीं, सभी वर्गों की भागीदारी
जब आयोजकों से पूछा गया कि क्या इसमें सिर्फ पढ़े-लिखे, शिक्षित लोगों की ही जरूरत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में किस तरह तैयारी और जागरूकता चल रही है, तो उन्होंने कहा कि बामसेफ मूल रूप से कर्मचारियों का संगठन है और संवैधानिक अधिकारों की दिशा देता है, लेकिन इसमें सभी वर्गों की भागीदारी होगी। उन्होंने बताया कि भारत में विभिन्न समुदायों का वर्गीकरण है, जैसे किसान हैं, मजदूर हैं, भूमिहीन लोग हैं, जो श्रमिक वर्ग में आते हैं, बेरोजगार लोग हैं, छात्र हैं, युवा हैं। इन सभी के लिए बामसेफ के ऑफशूट विंग भी हैं।
इन विंग की होगी भागीदारी
विद्यार्थी संघ - छात्रों के लिए
मूलनिवासी संघ - नॉन-एम्प्लॉई लोगों के लिए
लीगल विंग - वकीलों का संगठन
आयोजकों ने कहा कि सभी लोगों का पार्टिसिपेशन इसमें होगा और सभी विषय भी उन्हीं के हितों को लेकर रखे गए हैं। उनके संवैधानिक हक-अधिकार वाले विषयों को इसमें शामिल किया गया है। इसलिए सभी वर्गों के नेतृत्वकर्ताओं से अपील की जा रही है कि वे इसमें शामिल हों, ताकि संख्या की लिमिटेशन का भी ध्यान रहे। बता दें, यह राष्ट्रीय अधिवेशन 19 से 22 दिसंबर तक नामकुम, रांची में आयोजित होगा।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी

No Previous Comments found.