उपायुक्त, मो० जावेद हुसैन ने 100 महिला कृषकों के बीच मशरूम उत्पादन किट एवं 16 कृषकों के बीच मधुमक्खी पालन उपकरणों का किया वितरण

खूंटी : झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा अंतर्गत जिला उद्यान कार्यालय, खूंटी द्वारा संचालित उद्यान विकास योजना के तहत उपायुक्त, मो० जावेद हुसैन द्वारा 100 महिला कृषकों के बीच 30-30 मशरूम उत्पादन किट तथा 16 कृषकों के बीच 20-20 मधुमक्खी पालन बॉक्स, हाइव, हनी एक्सट्रैक्टर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों का वितरण किया गया।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं कृषकों को स्वरोजगार से जोड़कर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करना तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। लाभुकों को मशरूम उत्पादन एवं मधुमक्खी पालन का पांच दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के बाद आवश्यक किट एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए, ताकि वे प्रशिक्षण का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू कर सकें।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि मशरूम उत्पादन एवं मधुमक्खी पालन कम लागत में शुरू किए जा सकने वाले ऐसे व्यवसाय हैं, जिनमें आय सृजन की अच्छी संभावनाएं हैं। प्रशिक्षण के साथ आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर किसानों को आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लाभुकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर उत्पादन एवं विपणन पर विशेष ध्यान देने तथा अन्य महिलाओं एवं किसानों को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की अपील की।

इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, परियोजना निदेशक, आत्मा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.