झारखंड स्थापना दिवस की तारीख बदलने के विरोध में खूंटी में आदिवासी युवा नेता प्रकाश टुटी का एकल शांतिपूर्ण आंदोलन

खूँटी : झारखंड स्थापना दिवस के मुख्य सरकारी कार्यक्रम की तारीख 15 नवंबर से बदलकर 28 नवंबर किए जाने के विरोध में आदिवासी युवा नेता प्रकाश टुटी ने खूंटी के सुभाष चौक पर एकल शांतिपूर्ण आंदोलन कर हेमंत सोरेन सरकार के फैसले पर कड़ा विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने पोस्टर के माध्यम से सरकार से सवाल किया कि आखिर झारखंड स्थापना दिवस की तारीख बदलने की जरूरत क्यों पड़ी?

प्रकाश टुटी ने कहा कि जिस झारखंड को अलग करने के लिए हमारे क्रांतिकारी आंदोलनकारियों ने लंबा संघर्ष किया, अपना जीवन समर्पित किया और अपना खून बहाया, आज उसी झारखंड की सरकार उनके संघर्ष और बलिदान का अपमान कर रही है। 15 नवंबर केवल एक तारीख नहीं, बल्कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, झारखंड स्थापना दिवस और हमारी ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है।

उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यह झारखंड JMM सरकार की निजी संपत्ति नहीं है कि जब मन किया, अपनी सुविधा के अनुसार स्थापना दिवस की तारीख बदल दी। झारखंड स्थापना दिवस के साथ इस तरह का खिलवाड़ हम लोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। हेमंत जी, कम से कम अपने पिता स्वर्गीय शिबू सोरेन जी का तो सम्मान रख लेते। उन्होंने भी अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में अपना जीवन लगाया था। जिस राज्य के लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया, उसी राज्य के ऐतिहासिक दिन के महत्व को कम करने का फैसला आखिर क्यों?”

उन्होंने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो सहित तमाम आदिवासी जननायकों का संघर्ष और बलिदान झारखंड की नींव है। सरकार को यह समझना चाहिए कि सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन इतिहास और पूर्वजों का बलिदान हमेशा जीवित रहता है। आदिवासी समाज अपने महापुरुषों के सम्मान और झारखंड की पहचान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगा।

इस एकल आंदोलन को सरना संगम समिति, करम अखाड़ा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं का समर्थन मिला। समर्थन देने वालों में मुख्य रूप से दुर्गावती ओडेया, रानी टुटी, दामु मुंडा, रीना ओडेया, लक्ष्मी बाखला, ब्रज किशोर, बहा लिंडा सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने झारखंड स्थापना दिवस की तारीख बदलने के फैसले पर JMM सरकार के प्रति कड़ा विरोध जताया और 15 नवंबर के ऐतिहासिक महत्व एवं सम्मान को बनाए रखने की मांग की।

प्रकाश टुटी ने स्पष्ट कहा कि झारखंड की पहचान, इतिहास और पूर्वजों के सम्मान का सवाल किसी राजनीतिक दल की सुविधा से बड़ा है। इस मुद्दे पर आदिवासी समाज की आवाज लगातार उठती रहेगी।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.