तोरपा के एकलव्य विद्यालय में प्रथम सत्र का शुभारंभ, उपायुक्त ने किया शुभारंभ

खूँटी : तोरपा प्रखंड के सरीदकेल स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में शनिवार को उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने विधिवत फीता काटकर प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।

विद्यालय में कक्षा 6 से 12वीं (+2) तक पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। इसकी कुल क्षमता 420 छात्र-छात्राओं की है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का मुख्य उद्देश्य जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आवासीय सुविधा और समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से बच्चे शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे और समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। साथ ही विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, एसआईआरबी कमांडेंट, प्रखंड प्रमुख, प्रखंड उप प्रमुख, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.