तोरपा के अम्मा पंचायत में कांग्रेस ने लगाई चौपाल, SIR और पेसा कानून पर हुई चर्चा
तोरपा: खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि मिश्रा की गरिमामय उपस्थिति में तथा तोरपा प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय गुप्ता की अध्यक्षता में तोरपा प्रखंड की अम्मा पंचायत में चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें विशेष रूप से एसआईआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण), पेसा कानून तथा संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि एसआईआर के नाम पर किसी भी गरीब, आदिवासी, दलित एवं वंचित मतदाता का नाम मतदाता सूची से कटने नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करेगा तथा फॉर्म भरने में उनकी मदद करेगा।
पेसा कानून पर उन्होंने कहा कि यह कानून ग्राम सभा को अधिकार प्रदान करता है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे कमजोर करने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी ग्राम सभा और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रहेगी।
वहीं, प्रखंड अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि संगठन ही पार्टी की असली ताकत है। उन्होंने पंचायत अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया।
चौपाल के बाद प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी पंचायत चुनाव को लेकर भी चर्चा की गई।
मौके पर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, जिला महासचिव सह तोरपा प्रखंड प्रभारी प्रनीत तोपनो, सलीम तोपनो, इम्मनुऐल तोपनो, नामजन तोपनो, अमरदीप भेंगरा, तुरतन तोपनो, जीदन तोपनो, विजय हेम्ब्रोम, मनसिद केरकेट्टा, मार्टिन हेम्ब्रोम, पतरस तोपनो एवं जेम्स तोपनो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।
चौपाल में उपस्थित लोगों ने संगठन को मजबूत करने तथा एसआईआर एवं पेसा कानून के प्रति आम जनता को जागरूक करने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.