संघर्षशील जीवन, किसानोन्मुख सोच व जनसेवा आधारित नेतृत्व को प्रभावी बताया गया
कुशीनगर : दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत दुमही के पंचायत भवन परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रथम नेता प्रतिपक्ष, पूर्व सांसद व मंत्री स्व. बाबू गेंदा सिंह की 48 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन-दर्शन, मूल्यनिष्ठ राजनीति व संघर्षों को वर्तमान समय के लिए प्रेरक बताया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान रामबिहारी राय ने कहा कि गेंदा बाबू किसान हित, सामाजिक न्याय व स्वराज आधारित नेतृत्व के प्रतीक थे। भाजपा मंडल महामंत्री जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन संघर्षशील राजनीति की मिसाल है व उनके विचारों को व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिपंस मुकेश गुप्ता ने कहा कि गंडक नहर प्रणाली, सेवरही कृषि अनुसंधान केंद्र व बकरी व रेशम फार्म की स्थापना उनके दूरदर्शी प्रयासों का परिणाम है, जिसने क्षेत्रीय विकास को नई दिशा दी। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। आयोजक बाबू अभय सिंह ने कहा कि स्व. गेंदा बाबू मूल्यनिष्ठ राजनीति के प्रतिनिधि थे व उनके सिद्धांत आज भी लोकसेवा की आधारशिला हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रिंस शुक्ल ने किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने उनके विचारों को समाजहित में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पूर्व प्रधान रामचंद्र राय, राजन तिवारी, पंचानन कुशवाहा, अमित सिंह, उमेश शर्मा, लालबाबू खरवार, बलराम सिंह कुशवाहा, भरत कुशवाहा, सुरेंद्र गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सुरेन्द्र प्रसाद गोंड

No Previous Comments found.