जयनगर में हत्या की गुत्थी सुलझी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

कोडरमा - जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपचो बाजार में 8 जनवरी की रात हुई संतोष राणा की निर्मम हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का सफल उद्भेदन पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान टीम द्वारा किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना की रात मृतक संतोष राणा और आरोपी गौतम राणा के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी गौतम राणा ने मृतक की पत्नी पर अश्लील टिप्पणी कर दी, जिसका संतोष राणा ने विरोध किया। विरोध से आक्रोशित होकर गौतम राणा ने पास पड़े पत्थर से संतोष राणा के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य संकलन शुरू किया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर को घटनास्थल से बरामद कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी गौतम राणा को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है, वहीं इलाके में दहशत का माहौल भी कम हुआ है। कोडरमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।

रिपोर्टर : गौतम कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.