डीसी के आदेश के बाद भी अवैध क्लिनिकों पर नहीं हुई कार्रवाई*
कोडरमा : जिले में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रशासन की सख्ती के बावजूद कई जगहों पर अब भी क्लिनिक संचालित हो रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत जांच के बाद कई क्लिनिकों को बंद करने का आदेश दिया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के कई निजी अस्पतालों और क्लिनिकों का निरीक्षण किया था। निर्धारित मानकों के आधार पर अंक दिए गए थे, जिनमें 30 अंकों से कम पाने वाले संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया गया था। समिति की अनुशंसा के बाद छह क्लिनिकों को बंद करने का आदेश जारी किया गया था। हालांकि, कार्रवाई के नाम पर कुछ स्थानों पर सिर्फ क्लिनिक के बोर्ड हटाए गए, जिसके बाद भी क्लिनिकों का संचालन बंद नहीं हुआ। इससे प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नियमों के अनुरूप ही कार्रवाई की जा रही है और जिन संस्थानों में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करना है।
रिपोर्टर : गौतम कुमार

No Previous Comments found.